उत्तर प्रदेशदेश-दुनिया

UP में बदलेगा मौसम: 50 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

लखनऊ। लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में सोमवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन में गर्मी का असर महसूस होने लगा।

हालांकि, मौसम में यह स्थिरता ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, एक बार फिर सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कानपुर, मेरठ, आगरा और वाराणसी सहित कई प्रमुख जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम अस्थिर बना रहेगा। इसके चलते अगले तीन दिनों तक, यानी गुरुवार तक, तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई स्थानों पर तेज हवाएं चलेंगी और अचानक मौसम बदल सकता है।

बेमौसम हो रही बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे कृषि क्षेत्र पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button