स्मार्ट मीटर सिस्टम मेंटेनेंस के चलते 16 घंटे बंद रहेंगी यूपीपीसीएल की सेवाएं

लखनऊ। स्मार्ट मीटर और प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए बिजली विभाग ने शुक्रवार, 3 अप्रैल की शाम 5 बजे से शनिवार, 4 अप्रैल की सुबह 9 बजे तक व्यापक मेंटेनेंस कार्य करने का निर्णय लिया है। इस दौरान उपभोक्ताओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहेंगी।
विभाग के अनुसार इस 16 घंटे की अवधि में बिलिंग सिस्टम, ऑनलाइन कंज्यूमर पोर्टल और यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके चलते उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज, नया बिल जनरेट कराने, लोड बढ़ाने या अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि से पहले अपने आवश्यक कार्य निपटा लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य स्मार्ट मीटर प्रणाली को और अधिक सुचारु एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हाल के दिनों में कई उपभोक्ताओं ने तकनीकी खामियों की शिकायत की थी, जिन्हें ध्यान में रखते हुए यह मेंटेनेंस कार्य जरूरी हो गया था।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण बिजली विभाग में नियमित वसूली या कनेक्शन काटने जैसी कार्यवाही नहीं की जाती है। इसी वजह से विभाग ने इस दिन को तकनीकी सुधार कार्य के लिए चुना है, ताकि आम उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शनिवार सुबह 9 बजे के बाद सभी ऑनलाइन सेवाएं धीरे-धीरे बहाल कर दी जाएंगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली कनेक्शन काटने की कार्यवाही भी दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर और निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।



