देश-दुनियामनोरंजनमेरठशिक्षा

सुभारती यूनिवर्सिटी में सुनंदा शर्मा के लाइव शो में हंगामा, छात्रों में मारपीट

मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘स्पार्क-2026’ के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार्यक्रम में पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा की लाइव प्रस्तुति चल रही थी, तभी मंच के पास खड़े होने और बैठने की जगह को लेकर छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र आपस में मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे और सभी मंच के करीब जाकर कार्यक्रम का आनंद लेना चाहते थे। इसी दौरान जगह को लेकर विवाद हुआ, जो कुछ ही मिनटों में झगड़े में बदल गया। मारपीट के दौरान कई छात्रों के कपड़े फट गए और कुछ को हल्की चोटें भी आईं।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर स्थिति कुछ समय के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई। हालांकि, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए व्यवस्था बहाल कराई। इसके बाद कार्यक्रम को दोबारा शुरू कराया गया और गायिका की प्रस्तुति जारी रही।

बताया जा रहा है कि यह आयोजन दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को हुआ था। वहीं, जानी पुलिस ने इस मामले में किसी भी तरह की लिखित शिकायत मिलने से इनकार किया है।

फिलहाल, इस घटना ने कॉलेज कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Related Articles

Back to top button