संजय नगर में मोबाइल लूट से हड़कंप: महिला बनी निशाना, CCTV में कैद वारदात

गाजियाबाद,(पवन शर्मा)। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सेक्टर-23, संजय नगर के एल ब्लॉक में शनिवार (18 अप्रैल 2026) को दिनदहाड़े मोबाइल लूट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी समाजसेवी राजीव धीर के छोटे भाई संजीव धीर की पत्नी शाम करीब 4:30 बजे अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं। तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक, जो बिना हेलमेट के थे, अचानक उनके पास पहुंचे और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दोनों लुटेरे साफ दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद करीब 20 मिनट तक लूटे गए मोबाइल पर घंटी बजती रही। जब पीड़ित पक्ष ने कॉल किया तो आरोपियों में से एक ने फोन उठाकर खुद को फोन का मालिक बताते हुए अभद्र जवाब दिया और कहा कि यह नंबर उसका है, अगर तुम्हारा है तो बंद करवा लो। इसके बाद उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार मोबाइल करीब 5-6 महीने पहले ही खरीदा गया था। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस चौकी संजय नगर में इस संबंध में लिखित शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



