नगर निगम का एक्शन: गाजियाबाद में कचरा फैलाने वालों पर 50 हजार तक जुर्माने का प्रावधान

गाजियाबाद। जनपद में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। अब सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नए नियमों के तहत इधर-उधर कचरा फेंकने पर 5,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
गाजियाबाद नगर निगम ने साफ किया है कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से कूड़ा फैलाने वालों की पहचान की जाएगी। इतना ही नहीं, कचरा उठाने वाली गाड़ियों की भी निगरानी की जाएगी ताकि कहीं भी लापरवाही न हो।
नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों, जिन्हें ‘सफाई नायक’ कहा जाता है, को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करें और नियमों का पालन कराएं। अगर कहीं गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
शहर में कचरा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन और गार्बेज प्रोसेसिंग प्लांट को भी सक्रिय कर दिया गया है। इन सुविधाओं के जरिए कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज और आधुनिक बनाया जा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
प्रशासन का मानना है कि यदि लोग नियमों का पालन करेंगे, तो गाजियाबाद को साफ-सुथरा और रहने लायक शहर बनाया जा सकता है।



