गाजियाबाददेश-दुनिया

गाजियाबाद में हाउस टैक्स वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर में हाउस टैक्स वृद्धि के खिलाफ राष्ट्रीय व्यापार मंडल और संघर्ष समिति ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के नेताओं ने सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताते हुए व्यापारियों और आम नागरिकों पर बढ़ते टैक्स बोझ को अनुचित और अनावश्यक बताया।

राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेन्द्र सक्सेना ने कहा कि हाउस टैक्स वृद्धि से व्यापारियों और आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि संगठन मिलकर इस वृद्धि को वापस कराने के लिए हर संभव कदम उठाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता, अशोक भारतीय, तिलक राज अरोड़ा, नरेंद्र गुप्ता नंदी, प्रीतम लाल, ओम दत्त गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, अजय जैन, मास्टर वीरेश सिंह, नितिन बंसल, सतीश राजपूत, समीर पंडित सहित सैकड़ों पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के नेताओं ने माननीय प्रभारी मंत्री असीम अरुण को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाउस टैक्स वृद्धि को तुरंत वापस लेने, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत देने और सरकार से उनके पक्ष में निर्णय लेने की मांग की गई।

प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने आश्वासन दिया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और व्यापारियों के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन ने स्थानीय प्रशासन और सरकार को व्यापारियों की समस्याओं की गंभीरता का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button