गाजियाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, लाखों मामलों का निस्तारण

गाजियाबाद। शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला विधि सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद के तत्वावधान में जिला न्यायालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद सिंह रावत ने की। इस दौरान कई न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विधि छात्रों और मीडियाकर्मियों ने सहभागिता निभाई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का बड़े स्तर पर निस्तारण किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 5,51,113 मामलों का समाधान किया गया, जिनमें 1,11,822 सुलह योग्य और शमनीय वाद शामिल रहे। अदालत के माध्यम से करोड़ों रुपये की धनराशि वसूली और प्रतिकर भुगतान के आदेश भी पारित किए गए।
कार्यक्रम में संजयवीर सिंह, मृदुल मिश्रा, ललिता गुप्ता, नीरज गौतम, जीतेंद्र मिश्रा और नेहा बनौधिया सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। लोक अदालत में वैवाहिक और भरण-पोषण से जुड़े 141 मामलों का परिवार न्यायालय द्वारा आपसी सुलह के आधार पर निस्तारण किया गया। वहीं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से संबंधित 57 मामलों में पक्षकारों को कुल 91 लाख 25 हजार रुपये का प्रतिकर देने के आदेश पारित किए गए।
इसके अलावा विभिन्न बैंकों और BSNL से जुड़े 3,169 लोन रिकवरी मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 3 करोड़ 42 लाख रुपये की वसूली के आदेश दिए गए। अर्थदंड से संबंधित मामलों में 2 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
राजस्व न्यायालयों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राजस्व संबंधी 3,46,577 मामलों का भी निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को त्वरित और सरल न्याय उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अधिवक्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों और विधि छात्रों का विशेष सहयोग रहा। न्यायिक अधिकारियों ने इसे न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



