गाजियाबाददेश-दुनियामौसमशिक्षा

गाजियाबाद में हीटवेव का असर: कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों का समय बदला

गाजियाबाद। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ०पी० यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है।

नए आदेश के तहत 27 अप्रैल 2026 से जनपद के सभी बेसिक शिक्षा परिषद, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, CBSE, ICSE तथा अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों में पठन-पाठन का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और लू के प्रकोप के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में दोपहर की तेज धूप से बचाने के लिए स्कूल समय में बदलाव आवश्यक माना गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को समय पर विद्यालय भेजें और उन्हें पर्याप्त पानी व आवश्यक सावधानियों के साथ स्कूल भेजें, ताकि गर्मी के प्रभाव से बचाव हो सके।

इस निर्णय से छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि सुबह के समय पढ़ाई होने से बच्चों को गर्मी के असर से काफी हद तक बचाया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button