मेलों से मिलता है स्वरोजगार को बढ़ावा:डॉ. मंजू शिवाच

स्वदेशी व स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों के लिए अच्छे अवसर
एहसास महिला समिति द्वारा छतरी वाला मंदिर परिसर में परिणीता हर तीज मेले का भव्य आयोजन
मोदीनगर । छतरी वाला मंदिर परिसर में एहसास महिला समिति द्वारा परिणीता परियोजना के अंतर्गत आयोजित हर-तीज मेले का दो दिवसीय आयोजन अपार जनसमूह और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। मेला पूर्णतः परिणीता स्वयं में सक्षम शीर्षक पर, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और भारतीय संस्कृति के उत्सव को समर्पित रहा। मेले का उद्घाटन करते हुए नगर विधायक मोदीनगर डॉ.मंजू शिवाच ने कहाकि इस प्रकार के आयोजन निरन्तर होते रहने चहिएं। इनसे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलता है और स्वदेशी व स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों के लिए अच्छे अवसर मिलते हैं।
एहसास महिला समिति की संयोजिका अनुप्रीत कौर ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, रचनात्मकता और सामाजिक भागीदारी के लिए मंच प्रदान करना है। परिणीता प्रोजेक्ट की इंचार्ज सृष्टि गौड के अनुसार यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, हुनर और सामाजिक सशक्तिकरण की प्रतीक है जो आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने घरों पर निर्मित हस्तनिर्मित उत्पादों, परिधानों, सजावटी वस्तुओं और खाद्य सामग्री की जबरदस्त बिक्री की। ग्राहकों की उमड़ी भारी भीड़ ने इन उत्पादों की जबरदस्त खरीदारी कर महिला उद्यमिता को सराहा और प्रोत्साहित किया। मेले में मेहंदी स्टॉल, पारंपरिक झूले, ढोल नगाड़े, नृत्य प्रतियोगिता, महिला तीज क्विज कार्यक्रम और खान-पान के आकर्षक स्टॉल सभी आयु वर्ग के आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में नगर के अनेक प्रमुख नागरिक सम्मिलित हुए। पालिकाध्यक्ष मोदीनगर विनोद वैशाली, प्रभारी निरीक्षक थाना मोदीनगर नरेश शर्मा, प्रसिद्ध समाजसेवी एवं निष्काम संस्था के मुख्य संरक्षक चानन लाल ढींगरा, मोदी समूह के वरिष्ठ पदाधिकारी एन पी बंसल, वरिष्ठ भाजपा नेता स्वदेश जैन, वरिष्ठ शिक्षाविद डाक्टर रीता बख्शी, अरुण त्यागी निदेशक छाया पब्लिक स्कूल,नीरज गर्ग निदेशक डाल्फिन स्कूल , अनमोल बंसल निदेशक किड जी स्कूल , अंशू सिंह प्रधानाचार्य महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज , संगीता शर्मा प्रधानाचार्य पीबीएस इंटर कॉलेज प्रमुख रहे। इन सभी गणमान्य अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मेलों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है, साथ ही समाज में सहयोग और सद्भाव भी बढ़ता है। आये सभी अतिथियों कि टीम परिणीता द्वारा पटका ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। तारिका माटा, पूजा शर्मा, प्रतिभा गांधी, आंचल खुराना, डॉ. रूपा त्यागी, निर्मल सिंह, सिमरन भसीन, अर्चना आहुजा, रितु अग्रवाल,स्वाति भोला, सुरभि खुराना का योगदान रहा।



