दिल्ली में 28 मार्च को ट्रैफिक अलर्ट, सोनू निगम कॉन्सर्ट का असर

नई दिल्ली। राजधानी में 28 मार्च को सतरंगी रे बाय सोनू निगम लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक होगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के चलते दोपहर 2 बजे से ही आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ने लगेगा, जो रात करीब 10 बजे तक जारी रह सकता है।
इन रास्तों पर पड़ेगा असर
एडवाइजरी के अनुसार, आईपी मार्ग (एमजीएम रोड), विकास मार्ग और रिंग रोड (राजघाट से आईटीओ डिपो के बीच) पर ट्रैफिक धीमा या प्रभावित रह सकता है। ऐसे में इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा, राजघाट से आईपी मार्ग की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट प्लान कर लें और संभव हो तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें, जिससे जाम की समस्या से बचा जा सके।



