इतिहासगाजियाबाददेश-दुनियाशिक्षासाहित्य संस्कृति

एम.एम.कॉलेज मोदीनगर में भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को श्रद्धांजलि,पदयात्रा व संगोष्ठी का भव्य आयोजन

गाजियाबाद/मोदीनगर। (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में आज शहीद दिवस के अवसर पर एम.एम.कॉलेज, मोदीनगर में एक भव्य पदयात्रा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए संयुक्त निदेशक देवेंद्र कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अमर शहीदों के साहस, समर्पण और बलिदान से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 23 मार्च केवल एक तिथि नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प का प्रतीक है-यह हमें स्मरण कराता है कि आज़ादी अनगिनत संघर्षों और बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि यद्यपि स्वतंत्रता संग्राम समाप्त हो चुका है, किंतु राष्ट्र को सशक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है।

भारत विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है, ऐसे में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है आगे उन्होंने बताया कि शहीद भगत सिंह ने अल्पायु में ही अदम्य साहस का परिचय देते हुए केंद्रीय असेम्बली में बम फेंककर “इंकलाब जिंदाबाद” का नारा बुलंद किया और देश की स्वतंत्रता के लिए जन-जागरण की अलख जगाई। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिससे उन्हें सीख लेनी चाहिए। इसके उपरांत आयोजित पदयात्रा में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर एनएसएस अधिकारी डॉ. अमर कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का त्याग हमें न केवल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत करता है, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें निभाने की प्रेरणा भी देता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों-शिवांगी, डॉ. कोमल गुप्ता, मंजीत, डॉ. कुमनेल रैन, डॉ. राज कुमार तथा एनएसएस अधिकारी डॉ.अमर कश्यप-की विशेष उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता रही। पदयात्रा के पश्चात संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने शहीदों के बलिदान एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट वक्ताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महाविद्यालय के शिक्षकों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मान-प्रतीक भेंट किए गए।

इस सफल आयोजन में कार्यक्रम एवं लेखा सहायक तुषार वर्मा, प्रकाश तिवारी, अंकित, मुकुल एवं दीपा का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button