गाज़ियाबाददेश-दुनियानेपालस्वास्थ्य

नेपाल में बर्ड फ्लू के बाद गाजियाबाद अलर्ट, पोल्ट्री फार्म पर बढ़ी निगरानी

गाजियाबाद। नेपाल में बर्ड फ्लू के मामलों के सामने आने के बाद गाजियाबाद में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पशुपालन विभाग ने जिलेभर में पोल्ट्री फार्म और पशुपालकों को अलर्ट जारी करते हुए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संभावित खतरे को देखते हुए सैंपल कलेक्शन के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जांच कर रही हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी पांडे ने बताया कि फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन पड़ोसी देश में संक्रमण मिलने के कारण सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।

पोल्ट्री फार्म संचालकों को साफ-सफाई और नियमित सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों को भी स्वच्छता के नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी पक्षी में बीमारी के लक्षण दिखने पर उसे तुरंत अन्य पक्षियों से अलग कर दिया जाए।

गो आश्रय स्थलों और पशु शालाओं में भी सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। मृत पशुओं के उचित निस्तारण और परिसर में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव को अनिवार्य किया गया है, ताकि संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके।

इसके अलावा, यदि किसी पशु की अचानक मृत्यु होती है या संदिग्ध लक्षण दिखाई देते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने के लिए कहा गया है। विभाग की टीमें ऐसे मामलों की तुरंत जांच करेंगी और आवश्यक कार्रवाई करेंगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, बर्ड फ्लू (H5N1) एक गंभीर वायरल संक्रमण है, जो पक्षियों के माध्यम से फैलता है। इससे बचाव के लिए स्वच्छता, संक्रमित पशुओं से दूरी और समय पर सूचना देना बेहद जरूरी है।

गाजियाबाद प्रशासन संभावित खतरे को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां मजबूत की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button