व्यक्तित्व

शानदार इंसान थे अभिनेता धर्मेंद्र

डॉ आनंद शर्मा

फिल्मी दुनिया में हीरो तो बहुत है, लेकिन जिसे देखते ही लगे कि कोई है ? तो वह धर्मेंद्र ही थे। आप बहुत से लोगों को महानायक, मिलेनियम ऑफ द स्टार, किंग, बादशाह न जाने क्या-क्या नाम से बुला सकते हो लेकिन धर्मेंद्र ही वह हीरो हैं जो निर्विवाद रूप से सबके दिलों पर राज करते हैं।

शायद जब कुदरत ने उन्हें बनाया तो कोई कमी बाकी ही नहीं छोड़ी थी।कद काठी, आवाज, दिल, दिमाग सब कुछ एकदम परफेक्ट उन्होंने अपने पारिवारिक जीवन और व्यवहारिक जीवन को बहुत अच्छे से संभाला।दो शादियों के बाद भी उन्होंने कभी भी इसका असर अपने करियर या अपने बच्चों पर नहीं पडने दिया। उनके सारे बच्चे उन्हें बहुत प्रेम करते हैं, उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। यूं कहें तो धर्मेंद्र केवल एक ही हो सकता है। जब वह नाचते थे तो उनका एक अपना तरीका था, जब वह कॉमेडी करते थे तो लोगों को गुदगुदा देते थे, एक्शन हीरो के तौर पर तो उन्हें हीमैन कहा ही जाता है। आज जब जिम वाली बॉडी का क्रेज छाया हुआ है सबसे पहले इन मसल्स को कैमरे पर धर्मेंद्र ने ही दिखाया था। दिल दिमाग ताकत के मामले में धर्मेंद्र का कोई सानी नहीं। एक बार उन्होंने अपने इंटरव्यू में बताया था कि उनके हाथ के पंजे इतने बड़े थे की महान रेसलर दारा सिंह का पंजा भी उनसे छोटा था उन्होंने जिंदगी जीने का एक नया सलीखा सिखाया, किस तरह से हर पड़ाव पर और हर दौर में इंसान सलीखे से जी सकता है। लगभग 300 फिल्म करने के पश्चात भी उन्हें कभी फिल्म फेयर बेस्ट एक्टर अवार्ड नहीं दिया गया ना ही उन्हें कभी कोई नेशनल अवार्ड मिला। कम से कम वह दादा साहब फाल्के पुरस्कार के तो हकदार थे ही। मैं एक सूची देख रहा था जिसमें दादा साहब फाल्के पुरस्कार पाने वाले बहुत सारे अभिनेता शामिल थे। अगर उस सूची में तमाम लोगों को देखूं तो कुछ नाम तो ऐसे हैं जो धर्मेंद्र के चौथाई भी नहीं है। फिर भी उन्हें दादा साहब फाल्के मिला। यह इस देश की घटिया राजनीति और ओछी मानसिकता का ही परिचायक है कि धर्मेंद्र जैसा व्यक्ति उन्हें दादा साहब फाल्के के लायक नहीं लगा। खैर छोड़िए कुछ लोग अवार्ड से बड़े होते हैं। धर्मेंद्र भी उनमें से एक थे। जब भी फिल्मों की बात होगी जब भी अभिनय पर चर्चा होगी। तो धर्मेंद्र हमेशा सर्वोपरि होंगे। उनकी मुस्कान, उनका उनकी सुंदरता, इतने बड़े होकर भी उनकी वह गांव जमीन से जुड़े रहने की शख्सियत हमेशा इस देश दुनिया के लोगों को प्रेरित करती रहेगी। वह इस दुनिया के एक दमदार अभिनेता और शानदार इंसान थे।

Back to top button