गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु समन्वय बैठक आयोजित

गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में एक उच्चस्तरीय समन्वय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाजियाबाद जे. रविन्दर गौड़ एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने की।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग की समग्र व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों के डीसीपी, एसीपी एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक के दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया:
- सड़क मरम्मत: कांवड़ मार्ग की गड्ढ़ामुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- जलनिकासी: जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश।
- मोबाइल टॉयलेट: यात्रियों की सुविधा हेतु अधिक संख्या में मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे।
- प्रकाश व्यवस्था: यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
- विद्युत सुरक्षा: ट्रांसफार्मरों की कवरिंग, लटकी हुई विद्युत तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा बिजली खंभों पर 5 फीट तक प्लास्टिक कवरिंग का निर्देश।
- एम्बुलेंस एवं मेडिकल सुविधा: दुर्घटनाग्रस्त स्थलों पर नई जगहों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
- बैरिकेडिंग: भीड़ नियंत्रण के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी।
- नशा व मांस की दुकानें हटाना: यात्रा मार्ग से शराब और मांस की दुकानों को हटाया जाएगा।
- सीसीटीवी और पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम: निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम की गुणवत्ता जांच कर स्थापित किए जाएंगे।
- सफाई व्यवस्था: झाड़ियां हटाकर मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने पर जोर।
11 जुलाई से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में पीडब्ल्यूडी, जल निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जिला पंचायत व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने आश्वस्त किया कि 11 जुलाई से पहले सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा और सफाई हेतु निर्धारित समय के अनुसार कार्य किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश
पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने सभी अधिकारियों से कहा कि—
“कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराना पुलिस विभाग और जिला प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर कांवड़िये की सेवा, सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। ड्यूटी पर तैनात कर्मी जब तक रिप्लेसमेंट न आए, तब तक ड्यूटी नहीं छोड़ें।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रात्रि के समय हर वाहन चालक की एल्कोमीटर टेस्टिंग अवश्य की जाए जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि—
“अंतिम क्षण तक कार्य लंबित न रखें। कांवड़ मार्ग को सुंदर, गड्ढ़ामुक्त और सुरक्षित बनाएं। प्रकाश, जलनिकासी और सफाई की व्यवस्था समय से पूरी करें।”



