बागपत के खिलाड़ियों को मिला मेरठ मंडल का पहला सिंथेटिक रनिंग ट्रैक

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के छपरौली कस्बे में जनपद के खिलाड़ियों के लिए मेरठ
मंडल का पहला सिंथेटिक ट्रैक मिला हैं।
शनिवार को बागपत जनपद में खेल सुविधाओं को विस्तार देने के लिए केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी ने छपरौली स्थित श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 82 लाख रुपये की सांसद निधि से निर्मित 200 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण के बाद जयंत चौधरी ने स्वयं भी युवाओं संग ट्रैक पर दौड लगाकर फिटनेस का संकल्प दोहराया और खिलाड़ियों से संवाद में कहा कि नियमित अभ्यास से ही उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस जरूरत है सही सुविधाओं और मंच की। “स्पोर्ट्स ऐज मेरठ” अभियान के तहत मेरठ को राष्ट्रीय स्तर पर खेल हब बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से 3 वर्षों में 10 करोड़ रुपये की निधि से खेल संरचनाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जगहों पर स्टेडियम, कोर्ट और अन्य खेल सुविधाओं में निवेश होगा।
उन्होंने कहा, यह ट्रैक मेरठ मंडल में अपनी तरह का पहला सिंथेटिक रनिंग ट्रैक है, जिसे यूपीएसआईसी द्वारा महज छह महीने में तैयार किया गया। इसकी गुणवत्ता, डिजाइन और तकनीकी मानक राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप हैं, जिससे यह ग्रामीण क्षेत्र में उपलब्ध होने वाली अब तक की सर्वश्रेष्ठ खेल सुविधाओं में से एक बन गया है।
उन्होंने कहा, बागपत जिले में जिस तेजी से खेल सुविधाओं का विकास हो रहा है, वह यह स्पष्ट संकेत देता है कि आने वाले वर्षों में यहां के युवा नई दिशा में अग्रसर होंगे। यह ट्रैक न केवल उनके खेल कौशल को निखारेगा, बल्कि उनके मनोबल, मानसिक दृढ़ता और सामाजिक जुड़ाव को भी मज़बूत करेगा। खेलों के माध्यम से युवा अनुशासन सीखते हैं, टीम भावना विकसित होती है और लक्ष्य निर्धारित करना आता है। यह सुविधा राष्ट्रीय अभियानों जैसे “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” के उद्देश्यों को भी मजबूत करती है। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए इन मिशनों का मुख्य लक्ष्य जन-जन में फिटनेस की भावना जगाना और देशभर से नई खेल प्रतिभाओं को उभारना है। विधायक डॉ. अजय कुमार ने भी इसे जनपद की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि यह प्रोजेक्ट क्षेत्र की खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। यह ट्रैक उस परिवर्तन की शुरुआत है जिसे आने वाली पीढ़ियाँ “बागपत खेल पुनर्जागरण” के नाम से याद करेंगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, छपरौली विधायक डॉक्टर अजय कुमार ,पूर्व मंत्री कुलदीप उज्जवल,जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, पूर्व मंत्री कुलदीप उज्ज्वल आदि गण मान्य लोग उपस्थित रहे।


