देश-दुनियास्वास्थ्य

2000 करोड़ कफ सिरप तस्करी केस: SIT ने हवाला ऑपरेटर को किया गिरफ्तार

वाराणसी। कफ सिरप तस्करी के करीब ₹2000 करोड़ के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस कमिश्नरेट की विशेष जांच टीम (SIT) ने एक अहम गिरफ्तारी की है। टीम ने सोमवार को हवाला के जरिए तस्करी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने वाले मुख्य आरोपी वैभव जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, वैभव जायसवाल वाराणसी के दारानगर क्षेत्र का रहने वाला है और वह इस पूरे नेटवर्क में वित्तीय लेनदेन की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वह गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल का बेहद करीबी बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि वैभव का मुख्य काम अवैध रूप से अर्जित धन को हवाला चैनलों के जरिए अलग-अलग जगहों तक पहुंचाना था, जिससे इस अवैध कारोबार को बिना किसी बाधा के जारी रखा जा सके।

SIT की पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने कबूल किया है कि गिरोह प्रतिदिन लगभग ₹50 करोड़ का लेनदेन करता था, जो इस रैकेट के बड़े स्तर को दर्शाता है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों तक भी फैले हुए हैं।

जांच एजेंसियां अब वैभव के जरिए पूरे हवाला नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कमाई का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे भी कई अहम गिरफ्तारियां हो सकती हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button