उत्तर प्रदेशबागपत

बागपत में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

छात्रों की सुरक्षा के लिए सख्ती से लागू होंगे नियम, विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति रहे अलर्ट

बागपत। जिले के छात्रों की सुरक्षित स्कूल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने की। इसमें विद्यालय परिवहन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई और सुरक्षा मानकों को लेकर कई ठोस निर्णय लिए गए।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों व वाहन संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विद्यालयी परिवहन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों में यह तय किया गया कि सभी विद्यालयी वाहनों में जीपीएस ट्रैकर, फायर एक्सटिंग्विशर और आपातकालीन निकास द्वार अनिवार्य होंगे। प्रत्येक विद्यालय को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं लाइसेंस की वैधता की जांच अनिवार्य रूप से करवाएं। किसी भी परिस्थिति में अवैध या अयोग्य चालक से वाहन न चलवाया जाए।

इसके अतिरिक्त सभी स्कूलों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति को गठित किया जाएगा जो नियमित रूप से छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। अंत में एआरटीओ व यातायात विभाग को निर्देशित किया गया कि वे स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाएं और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई करें। इसके अतिरिक्त परिवहन कार्यालय में इस संबंध में विशेष कैंप लगाने के भी निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी ,यातायात पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी आदि शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button