चारधाम यात्रा को राजनीति से दूर रखें: CM धामी की अपील, बोले-यह आस्था और अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया पर रील बनाकर इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में सरकार या किसी संस्था का विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों को विवादों में घसीटना गलत है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ी है, इसलिए इसे राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से केदारनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान शिव का पवित्र स्थल है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने में जुटी है। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलता है। ऐसे में इस यात्रा के प्रति नकारात्मक माहौल बनाना राज्य के हित में नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यात्रा के सकारात्मक पहलुओं को बढ़ावा दें और श्रद्धालुओं को प्रोत्साहित करें। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या नकारात्मक सामग्री फैलाने से बचें।
धामी ने यह भी कहा कि सरकार यात्रा को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मुख्यमंत्री का यह बयान चारधाम यात्रा की गरिमा बनाए रखने और उसे राजनीतिक विवादों से दूर रखने की अपील के रूप में देखा जा रहा है।



