जेवर एयरपोर्ट पर पेट्रोल-डीजल से लेकर सीएनजी और ईवी चार्जिंग तक पूरी व्यवस्था, यात्रियों को मिलेगी राहत

जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जल्द होने वाले शुभारंभ से पहले यात्रियों और वाहनों की सुविधा के लिए ईंधन और चार्जिंग से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एयरपोर्ट परिसर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए आधुनिक फ्यूल स्टेशन स्थापित किए हैं, जिससे यात्रियों और परिवहन सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पाइपलाइन के जरिए एयरपोर्ट तक सीएनजी की आपूर्ति सुनिश्चित की है। इस व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट परिसर में सीएनजी स्टेशन स्थापित किया गया है, जहां वाहनों को आसानी से सीएनजी उपलब्ध होगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट की जरूरतों के अनुसार पीएनजी गैस की आपूर्ति भी की जाएगी।
इसके अलावा, इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया गया है, जिससे पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और क्षेत्र में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।



