प्रभारी मंत्री ने कानून-व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा की

बागपत। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने आज उत्तर प्रदेश में बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर कानून-व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा की।
शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से सी एवं डी श्रेणी के अधिकारियों को अपनी ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित गरीब-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचना शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप सुशासन तभी संभव होगा, जब राशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएँ हर घर तक पहुंचें।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालयों में समय से उपस्थित हों और आगंतुकों से मृदुल व्यवहार करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि बागपत में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और स्वच्छता जैसी सुविधाएँ प्रत्येक नागरिक को सहजता से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजनाएँ केवल कागज़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखनी चाहिएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान समस्याओं के मद्देनज़र चीनी मिलों को शीघ्र भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैंक विभाग को कार्यशैली में सुधार कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध पर ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे अलर्ट रहें और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, महिला सम्मान पर कोई समझौता नहीं, अपराधियों पर सीधा प्रहार होना चाहिए। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंत्योदय है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की असली कसौटी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करें, समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करें और कार्यों का ठोस परिणाम जनता के सामने दिखाई दे।
इस अवसर पर विधायक योगेश धामा, जिलाधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी विनीत उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


