वृक्षारोपण महा अभियान एवं एक पेड़ मां के नाम 2.0 के तहत जनपद में हुआ 11,47,980 पौधों का रोपण

गाजियाबाद। वृक्षारोपण महा अभियान एवं एक पेड़ मां के नाम 2.0 के तहत मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार शर्मा कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश एवं सांसद श्री अतुल गर्ग, विधायक सदर श्री संजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति में सामाजिक वानिकी प्रभाग, गाजियाबाद द्वारा रक्षा भूमि राइफल रेंज, विजयनगर, गाजियाबाद में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
जीवन को बचाना है पौधा जरूर लगाना है: सुनील कुमार शर्मा
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार शर्मा कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में हर क्षेत्र में वायुप्रदूषण निरंतर बढ़ता जा रहा है जो कि जीवन के लिए खतरा है। अगर हमें जीवन को बचाना है तो पौधा जरूर लगाना है। पौधारोपण करने के पश्चात हमें इस बात का भी ध्यान रखना है कि उसका संरक्षण करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि आपको अपने आसपास कोई पौधा सूखता नज़र आता है तो आप उसे पानी जरूर दें और पौधे की देखभाल करें। जब आज हम उसकी देखभाल करेंगे तो आने वाले समय में वह हमारा जीवन का सहारा बनेगा, हमें आक्सीजन,फल,बीज,औषधि सहित अन्य लाभकारी वस्तुएं प्रदान करेगा। पौधारोपण एवं संरक्षण करने का कार्य किसी व्यक्ति विशेष का नहीं अपितु हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में देखा जा रहा है कि लगभग हर बच्चा मोबाईल फोन में व्यस्त रहता हैं,हमें चाहिए कि उससे हम सिर्फ आवश्यक जानकारी ही लेनी चाहिए,बेकार की चीजे को देखकर अपना समय बरबाद ना करें,साथ ही इन चीजों में ज्यादा समय देने से आपके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ता हैं। उन्होने कहा कि प्रकृति राम है तो मोबाइल रावण है। इसलिए अपने ज्ञान का विकास करते हुए प्रकृति का ध्यान रखें।
वृक्षारोपण के महा—अभियान एक दिन उत्तर प्रदेश को हराभरा प्रदेश बनायेगें: सांसद श्री अतुल गर्ग
स्थानीय सांसद श्री अतुल गर्ग ने कहा कि पौधा रोपण व संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है, वर्तमान सरकार निरंतर पौधारोपण व संरक्षण पर ध्यान दे रही है, और इस प्रकार के महा—अभियान एक दिन उत्तर प्रदेश को हराभरा प्रदेश बनायेगें। वृक्षारोपण के महाअभियान के दौरान माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा ने सिल्वर ओक, स्थानीय सांसद श्री अतुल गर्ग ने बरगद, शहर विधायक श्री संजीव शर्मा ने अशोक, जिलाधिकारी श्री दीपक मीणा ने पिलखन, डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी ने बेहड़ा, सीडीओ श्री अभिनव गोपाल ने नीम का पौधारोपण किया। साथ ही इस दौरान जिला प्रशासन, लीलावती पब्लिक स्कूल, सीएसएचपी, एचएचकेएम, जीजीआईसी, सन्तोष मैडिकल कॉलेज, एनसीसी डीपीएस राजनगर, एनडीआरएफ, सनातन धर्म विद्यालय, एनसीसी/स्काउट शम्भू दयाल इंटर कॉलेज, इन्वायरमेंट क्लब, अयान डांस अकेडमी सहित अन्य संस्थाओं के जवानों/ छात्र—छात्राओं/ कर्मचारियों /स्थानीय लोगों द्वारा पौधारोपण किया गया।



