वायु गुणत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी आदेश के क्रम में सम्भागीय परिवहन कार्यालय में बैठक आहूत

गाजियाबाद। वायु गुणत्ता प्रबंधन आयोग, नई दिल्ली (सीएक्यूएम) द्वारा जारी आदेश के क्रम में सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद में बस/ट्रक/टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों एवं अन्य वाहन संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गयी। उक्त बैठक में उपस्थित समस्त पदाधिकारियों को डा० सियाराम वर्मा, आरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद द्वारा अवगत कराया गया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 17 अक्तूबर को पूर्व में जारी निर्देश संख्या-88 में संशोधन करते हुए 1नवंबर के पश्चात् दिल्ली राज्य में भारत स्टेज-4 श्रेणी के वाणिज्यिक वाहनों को दिनांक 31अक्तूबर तक संचालन की अनुमति प्रदान की गयी है। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि भारत स्टेज-4 श्रेणी से निम्न श्रेणी के वाहनों को दिल्ली राज्य के लिये किसी भी दशा में संचालित न किया जाय। 1अक्तूबर से जनपद गाजियाबाद एवं नोएडा के दिल्ली के प्रवेश बिन्दुओं पर सख्त निगरानी बरती जा रही है। यदि भारत स्टेज 4 श्रेणी से निम्न श्रेणी वाले वाहन सचालित पाये जाते हैं, तो उनके संचालन को रोकने हेतु जनपद गाजियाबाद / गौतमबुद्धनगर में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
उक्त बैठक में श्री प्रमोद कुमार सिंह आरटीओ (प्रशासन) गाजियाबाद, डॉ० सियाराम वर्मा आरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद, श्री मनोज कुमार मिश्रा एआरटीओ (प्रवर्तन) गाजियाबाद एवं बस/ट्रक/टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी श्री तेजपाल त्यागी, श्री सुनील शर्मा, श्री योगेन्द्र सिंह, श्री एम०के० शर्मा, श्री टीकाराम शर्मा, श्री संदीप शर्मा, श्री गौरव शर्मा, श्री अमित भारद्वाज आदि उपस्थित रहें।



